मोदी को मैंने ही दिया था 500, 1000 के नोट बंद करने का आइडिया, बाबा हूं, बैंक खाता नहीं खोला है - बाबा रामदेव बोले
बाबा रामदेव ने कहा, नरेन्द्र मोदी प्रथम प्रधानमंत्री है जिन्होंने साहसी कदम उठाया है ,इसके दूरगामी परिणाम निकलेंगे।
योग गुरू बाबा रामदेव ने पांच सौ और एक हजार रूपये का नोट बंद करने का
स्वागत करते हुए कहा कि नरेन्द्र मोदी प्रथम प्रधानमंत्री है जिन्होंने
साहसी कदम उठाया है ,इसके दूरगामी परिणाम निकलेंगे। ग्लोबल राजस्थान
एग्रोटेक मीट (ग्राम) में शिरकत करने बुधवार को जयपुर पहुंचे योग गुरू बाबा
रामदेव ने संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि ऐसे निर्णय लेने के लिए
मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति की जरूरत होती है। उन्होंने कहा, ‘नरेंद्र मोदी
के गुजरात के मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान मैं गुजरात गया था। उस वक्त
मैंने भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए पांच सौ और एक हजार रूपये का नोट
बंद करने का सुझाव दिया था। लेकिन उस वक्त उनके पास यह शक्ति नहीं थी जब
अधिकार मिला तो उन्होंने (नरेंद्र मोदी) साहस भरा निर्णय लिया।
प्रधानमंत्री के इस निर्णय से नक्सलवाद और अपराधों पर अंकुश लगेगा। इससे
पहले योगगुरू ने ग्लोबल एग्रोटेक कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि हम
तो बाबा जी है, बैंक में खाता खोला ही नहीं है, हजार और पांच सौ के नोट
अपने पास तो थे ही नहीं इन नोट को बंद करके बहुत अच्छा काम किया है, यहां
तो जेब ही नहीं है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री एफडीआई के लिये पूरी दुनिया में घूमें,
उन्हें नहीं पता कितना पैसा आया, लेकिन रिजर्व बैंक की रिपोर्ट के अनुसार
28 अक्टूबर 2016 तक भारत ने 17.77 लाख करोड़ रुपए छापे और उसमें से 86
प्रतिशत पांच सौ और हजार रूपए के नोट थे, देश की अर्थव्यवस्था में 15 लाख
करोड रूपए के पांच सौ और हजार रूपये के नोट प्रचलन में है, एफडीआई आई हो या
ना आई हो लेकिन यह नोट जरूर आ जायेंगे। उन्होंने पंतजलि उत्पादों की चर्चा
करते हुए कहा कि पंतजलि शीघ्र ही बडे स्तर पर मसाला बाजार में प्रवेश
करेगा इसके अलावा उन्नत किस्म का बाजरे का आटा लाने का प्रयास कर रहा है
जिसमें कडवाहट नहीं होगी। पंतजलि राजस्थान में बहुत बडा मेघा फूड पार्क
लगायेगा सरकार को इसमे मदद करनी पडेगी क्योंकि विदेशी कम्पनियां तो उनकी
मदद नहीं करेंगी।
रामदेव ने राजस्थान की चर्चा करते हुए कहा कि खाद्यान्नों के मामले में वह
राजस्थान को समृद्व और उज्जवल भविष्य के रूप में देखते हैं। प्रदेश के
किसानों को आटा, गेंहूं, चावल, दाल, मसाला में उन्नत किस्म की पैदावार का
लाभ मिलना चाहिए। किसान जब समृद्व होगा, तब भारत में समग्र समृद्वि, स्थाई
समृद्वि समृद्वि होगी। इन सभी समृद्वियों का रास्ता खेत खलिहान से होकर
जाता है और जब हिन्दुस्तान का किसान उन्नत होगा, तो समृद्व राजस्थान होगा
और समृद्व हिन्दुस्तान होगा। उन्होंने किसानों को जोधपुर की मूंग की दाल और
एलोवेरा की अधिक फसल लेने का सुझाव दिया। बाबा रामदेव ने कहा कि भविष्य
में पांच सौ रूपये और दो हजार रूपये के नोट कम से कम आयें ऐसी भी अपील हम
प्रधानमंत्री से करेंगे।
रामदेव ने ट्रंप को जीतने की बधाई देते हुए कहा कि ट्रंप का चुनाव जीतना तय
था, जब वह अमेरिका गए थे तब भी उन्होंने कहा था, लेकिन ट्रंप के चुनाव
जीतने से पाकिस्तान अब हाशिए पर जायेगा और दुनिया की आतंकवाद की ताकतें
परास्त होंगी। पूरी दुनिया में कुछ वर्ग विशेष के द्वारा जो दशहत फैलाई जा
रही थी वो खत्म होगी और हिन्दुस्तान और अमेरिका के संबंधों का एक नया दौर
शुरू होगा।
No comments:
Post a Comment